जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर सिहोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौरी चौराहा में तेज रफ्तार बस के नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करते राहगीरों को रौंद दिया. जिस समय यह हादसा हुआ समीप के दुर्गा पंडाल में आरती चल रही थी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल सिहोरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए नो-एंट्री का उल्लंघन किया और सामने से आ रहे वाहन को टक्कर मार दी. घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने बस पर पथराव कर अपना आक्रोश जताया. देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. सभी को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है. 6 को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
जबलपुर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक बस (एमपी 49 पी 0251) कटनी से जबलपुर जा रही थी. गौरी तिराहे के पास पहुंचते ही ड्राइवर का नियंत्रण बस से हट गया और वह सीधे पंडाल में जाकर घुस गई. घटना की जानकारी लगते ही सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों के इलाज की व्यवस्था के लिए डीन को निर्देश दिए गए हैं.
हादसे में ये लोग हुए हैं घायल
रोली सोनी, ममता कोल, खुशबू वंशकार, वंदना बर्मन, संध्या चौधरी, शिखा चौधरी, कैलाश चौधरी, मनीष दहिया, कोदू लाल बर्मन, सोहनलाल.
कलेक्टर एवं एसपी दुर्घटना स्थल पहुंचे
घायलों को मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने घायलों के उपचार की देखरेख करने मेडिकल कॉलेज में एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह को उपस्थित रहने के निर्देशित किया है.
पीडबलूडी मंत्री राकेश सिंह ने घटना पर चिंता जताई
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने सिहोरा में हुई बस दुर्घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह से बात कर घायलों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा.
