केरल में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर की हत्या पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जताया शोक, पीड़ित परिवार को ₹5 लाख की सहायता

 

रायपुर. केरल के पलक्कड़ जिले में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर श्री रामनारायण बघेल की हत्या की घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए एक दुखद और अमानवीय कृत्य है.

मुख्यमंत्री ने इस हत्या को सभ्य समाज के मूल्यों के खिलाफ और मानवता को शर्मसार करने वाला बताया. उन्होंने कहा, "किसी भी निर्दोष नागरिक के साथ इस प्रकार की हिंसा अस्वीकार्य है. छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है."

मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसके साथ ही, मृतक के शव को उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था भी की गई है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर, रामनारायण बघेल का पार्थिव शरीर कल हवाई जहाज से छत्तीसगढ़ लाया जाएगा और उसे सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम पहुंचाया जाएगा.

साथ ही, मुख्यमंत्री श्री साय ने केरल सरकार से अनुरोध किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का वादा किया और कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

यह दुखद घटना छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी क्षति है, और मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

Post a Comment

Previous Post Next Post