जबलपुर की होटल अतिथि में चल रहा था देह व्यापार का अड्डा, भाजपा नेता गिरफ्तार, असम की युवती ने लगाए आरोप

 

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित गढ़ा क्षेत्र में संचालित होटल अतिथि में लम्बे समय से चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर देर रात पुलिस ने दबिश दी। यहां से पुलिस ने भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका एक साथी शीतल दुबे मौके से भाग निकला। दोनों ही युवक होटल की आड़ में देह व्यापार का अड्डा चला रहे थे। 

                                पुलिस अधिकारियों के अनुसार असम से तीन साल पहले आई युवती की मुलाकात अतुल व शीतल दुबे से हुई। दोनों ने युवती के साथ हमदर्दी दिखाते हुए होटल में ही रुकवाया। इसके बाद कमाई करने का झांसा देते हुए देह व्यापार के अड्डे पर जोड़ दिया। यहां पर आने वाले ग्राहकों को युवती के पास भेजकर 2 से 5 हजार रुपए वसूले जाते रहे, इसके बाद उसको थोड़े बहुत रुपए देकर शांत करा दिया जाता था। कई बार युवती ने जब अधिक रुपयों की मांग की तो उसके साथ मारपीट कर धमकी दी जाने लगी। मौके की तलाश में बैठी युवती करीब चार माह पहले दोनों युवकों के चंगुल से भाग निकली और किराए के मकान में रहने लगी। इस बीच उसने अपने रुपए मांगे तो अतुल व शीतल ने धमकी देते हुए शांत कर दिया। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवती ने गढ़ा थाना पहुंचकर पुलिस को होटल में चल रहे देह व्यापार के अड्डे की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने देर रात होटल में दबिश देकर अतुल चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। वहीं शीतल दुबे भाग निकला, जिसे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने यहां पर रजिस्ट्रर व सीसीटीवी के फुटेज भी निकाले है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यहां पर संगठित सेक्स रैकेट का संचालन किया जा रहा था। पुलिस अब आरोपियों की कॉल डिटेल भी देख रही है, जिससे यह पता चल सकेगा कि इस अवैध कारोबार में कौन कौन लोग जुड़े है। 
 

Post a Comment

Previous Post Next Post