जबलपुर, 02 अक्टूबर 2025. नगर निगम जबलपुर ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मात्र 24 घंटे में “नमो उपवन-उद्यान” का निर्माण कर उसका भव्य लोकार्पण किया. महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने इस अवसर पर कहा कि यह पहला उपवन-उद्यान है, आगे भी ऐसे अनेक उद्यान बनाकर देवतुल्य नागरिकों को समर्पित किये जाएंगे. उन्होंने बताया कि उद्यान में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, ओपन जिम, झूले, फिसलपट्टी और वॉकिंग पाथवे का निर्माण किया गया है. साथ ही बाउंड्रीवॉल और प्रवेश द्वार बनाकर सुरक्षा की भी व्यवस्था की गई है ताकि नागरिक सुरक्षित वातावरण में पार्क का लाभ उठा सकें. महापौर ने कहा कि अष्टमी को सुबह 11 बजे से प्रारंभ कर नवमीं को सुबह 11 बजे तक उद्यान का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया.
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अंचल सोनकर ने इसे नगर निगम का अद्भुत कार्य बताते हुए कहा कि महापौर ने न केवल उद्यान की सौगात दी बल्कि उद्यान के चारों ओर सड़क निर्माण हेतु भूमिपूजन भी किया. निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत सम्पन्न हुआ यह कार्य नागरिकों के लिए बड़ी सौगात है. महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि नगर निगम का यह कार्यकाल देश के मानचित्र पर नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए जाना जाएगा. उन्होंने स्मरण दिलाया कि हाल ही में जबलपुर ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में दूसरा और स्वच्छता प्रतियोगिता में पांचवां स्थान प्राप्त कर शहर का गौरव बढ़ाया था और अब 24 घंटे में उद्यान का निर्माण कर नया इतिहास रचा गया है.
इस उपलब्धि पर एम.आई.सी. सदस्य विवेकराम सोनकर, क्षेत्रीय पार्षद अंजना मनीष अग्रहरि एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नगर निगम की टीम को बधाई दी और नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. लोकार्पण अवसर पर डॉ. सुभाष तिवारी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, महेश राजपूत, विमल राय, शरद श्रीवास्तव ‘‘बाबा’’, अमित राय, श्रीमती अर्चना पटैल, प्रशांत गोटिया, शैलेन्द्र मिश्रा, आलोक शुक्ला, पवन सिंह ठाकुर, श्रीमती दीप्ति भनारिया, अमन तिवारी, सौरभ त्रिपाठी, गुलाब सिंह इन्वाती, अर्जुन यादव, रविन्द्र सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे.
