जबलपुर- पीएम श्री शासकीय महाकौशल महाविद्यालय में 26, 27 एवं 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में तथा मध्यप्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (MPCST) के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “विज्ञान में महिलाएं – विकसित भारत की प्रेरक शक्ति” रखी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. विभा निगम द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. शिखा सक्सेना, डॉ. जया बाजपेयी तथा डॉ. मीता दरबारी ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान पर व्याख्यान दिए और विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति प्रेरित किया।
समन्वयक डॉ. मनीषा सक्सेना एवं डॉ. विभा चौधरी ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान मॉडल प्रस्तुति, रंगोली प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रस्तुतीकरण जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया गया।
प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डॉ. मीता दरबारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. कविता शाक्य, डॉ. ए.के. बागरी, डॉ. डी.के. कोस्टा, डॉ. अंजलि कनोजिया, डॉ. श्रुति पटेल, डॉ. अभय उईके, डॉ. नीलिमा तथा डॉ. धीरेन्द्र त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।