आरटीओ संतोष पाल, क्लर्क रेखा की प्रापर्टी ईडी ने की जब्त, वैध आय 73.26 लाख, कमाए 4.80 करोड़, जबलपुर के मकान, जमीन भी जब्त


 जबलपुर. एमपी के जबलपुर में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संतोष पॉल व सीनियर क्लर्क रेखा पॉल की चल-अचल संपत्ति को प्रवर्तन निदेशालय भोपाल ने जब्त कर लिया है. संतोष पॉल पर करीब 3 साल पहले ईओडब्ल्यू की जबलपुर ईकाई ने दबिश देकर आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया था.

ईडी ने यह कार्यवाही आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) भोपाल द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत संतोष पॉल और रेखा पॉल के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच के बाद की है. संपत्ति जब्ती पीएमएलए 2002 के प्रावधान के आधार पर की है. इन पर आय के घोषित सोर्स से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप था. ईडी की जांच में यह पता चला कि इन लोक सेवकों ने जांच अवधि के दौरान अपनी वैध आय से काफी अधिक चल और अचल संपत्ति अर्जित की थी.

ईडी की जांच में पता चला कि 73.26 लाख रुपए की सत्यापित वैध आय के साथ संतोष पॉल और रेखा पॉल ने लगभग 4.80 करोड़ रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए. जिसके चलते लगभग 4.06 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति बन गई. जांच में ऋ ण की ईएमआई भुगतान से ठीक पहले उनके बैंक खातों में सुनियोजित तरीके से बार-.बार नकद जमा किए जाने का पता चला, जिससे खुलासा हुआ कि इन्होंने बेहिसाब नकदी को बैंकिंग प्रणाली में शामिल किया था.

जबलपुर का मकान, भूखंड जब्त भी जब्त-

ईडी द्वारा दोनों ही आरोपियों की जब्त की गई संपत्तियों में जबलपुर जिले में स्थित आवासीय मकान, आवासीय भूखंड, कृषि भूमि व व्यवसायिक दुकानें शामिल हैं, जिन्हें आय के रूप में अस्थायी रूप से जब्त किया गया है.

3 साल पहले ईओडब्ल्यू ने दी थी दबिश-

ईओडब्ल्यू ने संतोष पाल के यहां तीन साल पहले अगस्त 2022 में छापेमारी की थी. इस जांच में जबलपुर के आरटीओ के पास 16 लाख नगद मिले थे. घर में पाल ने अपना निजी थिएटर तक बना रखा था. काली कमाई से थियेटर में लाल सीटें लगा रखी थीं जो सामने आई थीं. जांच के दौरान आरटीओ संतोष पाल सिंह के कई घरए कई गाडिय़ां और दस्तावेज मिले थे.

Post a Comment

Previous Post Next Post