4,800 बोतल कोडीन सिरप जब्त: ट्रांसपोर्ट गोदाम में रखी थी 8.64 लाख की खेप, दमोह भेजा जाना था माल

 


जबलपुर- में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की भारी खेप पकड़ी है। टीम ने कटंगी रोड स्थित ट्रांसपोर्ट गोदाम से 40 कार्टून में रखी 4,800 बोतल कोडीन युक्त सिरप जब्त की, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 64 हजार रुपए बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

कार्रवाई 14 फरवरी की शाम विश्वसनीय सूचना मिलने पर की गई। बताया गया था कि टाटा शोरूम के पास स्थित ट्रांसपोर्ट परिसर में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाला सिरप रखा है। सूचना पर पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर माल बरामद किया।

देहरादून से आया, दमोह भेजा जाना था

जांच में सामने आया कि खेप उत्तराखंड के देहरादून की एक फर्म से दमोह जिले के सचिन मेडिकोज के नाम बुक की गई थी। ट्रांसपोर्ट के कैशियर सुमित यादव से पूछताछ के बाद दस्तावेज जब्त किए गए।

नशे के रूप में होता है इस्तेमाल

ड्रग निरीक्षक के अनुसार, कोडीन युक्त कफ सिरप का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है। नियमों के मुताबिक इतनी बड़ी मात्रा में भंडारण और परिवहन संदिग्ध माना जाता है।

एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने मामले में संबंधित व्यक्तियों और फर्मों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

➡️ पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिरप किन लोगों तक पहुंचना था और इसके पीछे कौन-कौन शामिल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post