जुलूस पर मधुमक्खियों का हमला, 90 लोगों को मारे डंक, एक गंभीर चित्तौड़गढ़ रेफर


 चित्तौड़गढ़ . राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन उपखंड क्षेत्र में आने वाले बालारडा गांव में गुरुवार को नवरात्रि विसर्जन के दौरान निकाले जा रहे जुलूस पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पूरे गांव में दहशत का माहौल दिखाई दिया. इस घटना में करीब 90 लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मारे, जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं. इनमें से 30 का कपासन चिकित्सालय में उपचार हुआ..सभी की हालात सामान्य है. वहीं, एक बुजुर्ग को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है.

सूचना के बाद में पुलिस एवं प्रशासन की टीम चिकित्सालय एवं मौके पर पहुंची और हालातों की जानकारी ली. कपासन के बालारडा गांव निवासी शोभालाल जाट ने बताया कि गांव में गुरुवार को नवरात्र महोत्सव के समापन के बाद ज्वारा विसर्जन किया जा रहा था. इसके तहत ग्रामीणों की ओर से एक जुलूस निकाला गया जो तलाई की ओर जा रहा था.

मार्ग में एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था, जहां से मधुमक्खियों ने ग्रामीणों पर हमला बोल दिया. जुलूस में 150 से ज्यादा लोग शामिल थे. हमले के बाद सभी बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई लोगों ने आस-पास के घरों में घुस कर अपनी जान बचाई. बताया गया कि यहां करीब 15 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. लोग इस हमले से दहशत में आ गए. करीब 90 लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मारे, जिसमें से 30 लोगों को डंक ज्यादा लगे और दर्द से कराह रहे थे.

60 लोगों का बालारडा गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया. इनमें से 30 को कपासन चिकित्सालय रेफर किया गया है. वहीं, यहां से भी एक बुजुर्ग बालूराम जाट (72 वर्ष) को गंभीर अवस्था में चित्तौड़गढ़ कर दिया गया. हमले की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग कपासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. मधुमक्खियों के हमले में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे.

मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए लोगों में से करीब 60 का हमने बालारडा चिकित्सालय में उपचार कर दिया था. करीब 30 लोगों को कपासन चिकित्सालय लाकर उपचार किया गया. एक बालूराम जाट बेहोश हो गया था, जिसे चित्तौड़गढ़ रेफर करना पड़ा. - डॉ. महेंद्र शर्मा, ब्लॉक सीएमएचओ, कपासन

Post a Comment

Previous Post Next Post