महरोइ तिराहा में प्रशासन का छापा: एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी और चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह की कार्रवाई, 41 बोतल शराब जब्त, अवैध टपरा सील

जीतेंद्र द्विवेदी जिला ब्यूरो चीफ उमरिया -उमरिया जिले के अमरपुर चौकी के समीप महरौई तिराहा के पास अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी ने अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित लोहे के बने टपरे  पर छापा मारा, जहां से 41 बोतल शराब बरामद की गई।

प्रशासनिक टीम की जांच में मौके पर अंडा, मांस, बीयर तथा शराब की बोतलें पाई गईं, जिससे स्पष्ट हुआ कि यहां अवैध रूप से दुकान संचालित की जा रही थी। जानकारी के अनुसार यह दुकान आशीष सोनी, निवासी अमरपुर द्वारा चलाई जा रही थी, जो कार्रवाई के समय मौके पर मौजूद मिला।

कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक दल ने टपरे से पका हुआ मांस, भोजन सामग्री, फ्रिज, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान बाहर निकलवाया। साथ ही वहां अवैध रूप से लिए गए बिजली कनेक्शन को भी तत्काल हटवा दिया गया।

एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी के निर्देश पर अवैध रूप से स्थापित लोहे के टपरे को मौके पर ही सील कर दिया गया तथा संचालक को सख्त चेतावनी दी गई कि अगले आदेश तक टपरे को नहीं खोला जाएगा। जब्त की गई 41 बोतल शराब अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दी गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानपुर तहसील क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, अवैध शराब बिक्री और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post