जितेन्द्र द्विवेदी उमरिया- मानपुर जनपद अंतर्गत धान खरीदी व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि टिकुरी धान खरीदी केंद्र कोटरी में 25 जनवरी 2026 को प्रबंधक रजनीश दत्त तिवारी के यहां अवैध रूप से करीब 80 बोरी धान की खरीदी करते हुए टीम ने कार्रवाई की थी।
जानकारी के अनुसार प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और धान से भरी एक पिकअप वाहन सहित माल जब्त किया। लेकिन आरोप है कि पुलिस को सुपुर्दगी देने से पहले ही वरिष्ठ अधिकारियों के फोन आने के बाद जब्त धान और वाहन को फिर से रजनीश दत्त तिवारी के सुपुर्द कर दिया गया।
बताया गया था कि मामले की जांच सहकारिता विभाग को सौंप दी गई है और तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि आरोप है कि जांच के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। सूत्रों का कहना है कि जिले में पदस्थ एआरसीएस और निरीक्षक आरपी सिंह की मिलीभगत से पूरे मामले को दबाने की कोशिश की गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सहकारिता विभाग में संरक्षण के कारण धान खरीदी व्यवस्था में व्यापक भ्रष्टाचार पनप रहा है। यही वजह है कि कार्रवाई के बावजूद दोषियों पर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि गडरिया टोला ओपन कैंप महरोई में भी हजारों क्विंटल धान की हेराफेरी की गई है। इन आरोपों के बाद अब पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई तो धान खरीदी केंद्रों में हो रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा। अब देखना यह है कि मामला कलेक्टर तक पहुंचने के बाद क्या कोई ठोस कार्रवाई होती है या फिर यह प्रकरण भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
